दिल्ली विधानसभा सुरक्षा में सेंध मामले में दिल्ली पुलिस तीन लोगों से पूछताछ कर रही हैं। पुलिस उपायुक्त ने एक बयान में कहा कि इस संबंध में सिविल लाइंस थाने में कानून की उपयुक्त धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इसमें हत्या के प्रयास, अपराध करने की तैयारी के साथ आपराधिक अतिक्रमण, लोक सेवक के विरुद्ध आपराधिक बल का प्रयोग तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान की रोकथाम अधिनियम की धारा 3 सहित अन्य संबंधित धाराएं शामिल हैं।
कल एक व्यक्ति सफेद रंग की गाड़ी से जबरन विधानसभा परिसर में घुस आई थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने पूरे शहर में तलाशी अभियान चलाया और वाहन को रूप नगर इलाके में रोक लिया।
मुख्य आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश-पीलीभीत निवासी 37 वर्षीय सरबजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके साथ दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है। फिलहाल सभी से पूछताछ जारी है और मामले की जांच की जा रही है।