मार्च 30, 2026 7:22 अपराह्न

printer

दिल्ली उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने ठोस कचरा डंप साइट का किया दौरा

दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने आज राजधानी के भलस्वा लैंडफिल स्थित ठोस कचरा डंप साइट का दौरा किया। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री संधू ने कहा कि इस निरीक्षण का उद्देश्य जैव-उपचार के प्रयासों की प्रगति की समीक्षा करना था। इस दौरान उपराज्यपाल ने दिल्ली नगर निगम को निर्देश दिए कि वे न केवल पुराने कचरे की समस्या का समाधान करें, बल्कि इन साइटों पर लगातार आ रहे ताजे कचरे के प्रवाह को भी नियंत्रित करें। साथ ही उन्‍होंने, दिल्ली नगर निगम से यह भी आह्वान किया कि वे राजधानी भर के निवासी कल्याण संघ और बाजार व्यापारी संघ को इस प्रयास में शामिल करने के लिए एक समन्वित अभियान चलाएं, जिससे कचरे को उसके स्रोत पर ही सूखे और गीले वर्गों में अलग-अलग किया जा सके। उपराज्यपाल ने प्रबंधन के क्षेत्र में नवीनतम और उभरती हुई वैश्विक तकनीकों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय मानकों और विशेषज्ञों के परामर्श को भी अपनाने का सुझाव दिया। श्री संधू ने डंप साइटों पर आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती उपायों को तत्काल लागू करने की आवश्यकताओं पर भी बल दिया। इसके साथ ही, उन्होंने साइट पर कार्यरत कर्मचारियों से बातचीत कर संबंधित ठेकेदारों को निर्देश दिए कि वे कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक उपायों को सुनिश्चित करें।