दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छात्रों में आपदा के प्रति जागरूकता सुनिश्चित करने के लिए आज दिल्ली के 6 शैक्षणिक जिलों में “आपदा के लिए तैयार स्कूल अभियान” की शुरुआत की। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक विद्यालयों को आपदाओं के प्रति अधिक जागरूक, तैयार और सुरक्षित बनाना है। एक रिपोर्ट
यह अभियान विद्यालयों में सुरक्षा और तैयारियों को मज़बूत करने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और दिल्ली सरकार की एक संयुक्त पहल है। इस अभियान के शुरुआती चरण में दो दिवसीय कार्यक्रम के माध्यम से दो हजार से अधिक विद्यालयों को शामिल किया जाएगा। इस पहल में मॉक ड्रिल, जागरूकता कार्यक्रम, स्कूल आपदा प्रबंधन योजनाओं की तैयारी, खतरों का मानचित्रण और स्कूल आपदा प्रबंधन समितियों का गठन शामिल है। मीडिया से बात करते हुए, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि विद्यालयों को किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहना चाहिए और लोगों को सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक होना चाहिए।
अभियान के एक भाग के रूप में, भूकंप मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई, जिसके दौरान छात्रों और कर्मचारियों ने समन्वित निकासी और एकत्रीकरण प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया। यह देश के सबसे बड़े विद्यालय-आधारित आपदा तैयारी कार्यक्रमों में से एक है। सौम्या शरण की रिपोर्ट के साथ,प्रादेशिक समाचार के लिए, आदित्य प्रताप सिंह।