दिल्ली में कल से 31 मार्च तक, पहली बार अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन भारत मंडपम में शुरू होने जा रहा है। इसमें 47 देशों की एक सौ 40 से अधिक फिल्में राजधानी के कई स्थानों पर दिखाई जाएंगी। इस फिल्म महोत्सव में निःशुल्क सार्वजनिक प्रदर्शन, चर्चाएं, कार्यशालाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस फिल्मोत्सव में प्रवेश, अग्रिम बुकिंग के आधार पर होगा। यह महोत्सव दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम द्वारा दिल्ली सरकार के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इसमें भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा की कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम का संचालन निम्रत कौर और अर्जुन कपूर करेंगे। अनुपम खेर, सान्या मल्होत्रा और सिद्धांत चतुर्वेदी भी उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। फिल्म महोत्सव में ऑस्कर के लिए नामित फिल्म ‘सीरत’ का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, फिल्म निर्माता गुरु दत्त की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में एक विशेष आयोजन के अंतर्गत फिल्म ‘प्यासा’ भी दिखाई जाएगी।
वहीं, दिल्ली यातायात पुलिस ने बताया कि फिल्मोत्सव के कारण विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। उन्होंने बताया कि सुबह 10:00 बजे से रात 10:00 बजे तक मथुरा रोड और भैरों रोड पर आवागमन और पार्किंग प्रतिबंध लागू रहेंगे। इसके साथ ही यातायात पुलिस ने कहा कि भीड़भाड़ से बचने के लिए रिंग रोड और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें।