दिल्ली सरकार ने व्यावसायिक एलपीजी की उपलब्धता बढ़ा दी है, प्रवासी मजदूरों और छात्रों के लिए प्रतिदिन 19 किलोग्राम के बराबर क्षमता वाले 180 सिलेंडरों के बजाय 360 सिलेंडर आवंटित किए गए हैं। दिल्ली के खाद्य और आपूर्ति मंत्री मजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि स्वास्थ्य और सरकारी संस्थानों, होटलों, रेस्तरां, ढाबों तथा अन्य आवश्यक सेवाओं सहित सभी क्षेत्रों में 19 किलोग्राम के बराबर क्षमता वाले 6,000 से अधिक सिलेंडरों की दैनिक उपलब्धता है। इसे पहले आओ पहले पाओ के आधार पर प्राथमिकता दी जा रही है।
श्री सिरसा ने कहा कि जमाखोरी या कालाबाजारी में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ तत्काल आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार निष्पक्ष वितरण के लिए प्रतिबद्ध है और झूठी अफवाहों के लिए कोई जगह नहीं है। मंत्री ने बताया कि खाद्य और आपूर्ति विभाग ने एलपीजी वितरण में दक्षता बढ़ाने के लिए परिचालन संबंधी स्पष्टीकरण जारी किए हैं। श्री सिरसा ने लोगों से तेल विपणन कंपनियों के माध्यम से एलपीजी बुक करने का आग्रह किया है।