दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए शहर सरकार का एक लाख तीन हजार सात सौ करोड़ रुपये का वार्षिक बजट प्रस्तुत किया। सत्र को संबोधित करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रति व्यक्ति आय के मामले में देश में दिल्ली का तीसरा स्थान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सकल घरेलू उत्पाद में दिल्ली का योगदान 2024-25 में 3.67 प्रतिशत से बढ़कर 2025-26 में 3.72 प्रतिशत होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि कुल बजट का 70.3 प्रतिशत राजस्व व्यय के लिए और 29.7 प्रतिशत पूंजीगत व्यय के लिए आवंटित किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार आगामी वित्तीय वर्ष में पूंजी निवेश बढ़ाने के साथ-साथ राजकोषीय अनुशासन को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।