दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज राजधानी के विभिन्न जिलों में 70 से अधिक नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को सशक्त और आधुनिक बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल बताया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार लगातार आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की संख्या बढ़ा रही है, जिससे लोगो को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उनके घर के पास और, उनकी कॉलोनियों में ही उपलब्ध हो सकेगी। हमारे संवाददाता ने बताया कि लोग इन केंद्रों में उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
इन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच, और दवाओं की निशुल्क उपलब्धता सुनिश्चित की जायेगी। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, जरूरी टीकाकरण कार्यक्रम, बीमारियों की रोकथाम और स्वास्थ्य संवर्धन संबंधी परामर्श तथा विशेषज्ञ डॉक्टरों से ऑनलाइन टेली-परामर्श जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रत्येक सुविधा केन्द्रो का दौरा करते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की और स्वास्थ्य कर्मियों से विभिन्न सुविधाओं, उपकरणों तथा सेवाओं के संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में अब तक लगभग 250 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किये जा चुके है और दिल्ली सरकार का लक्ष्य 1000 से अधिक आरोग्य मंदिर स्थापित करने का हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान योजना, जनऔषधि केंद्रों और नई स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करके दिल्ली को देश ही नहीं, बल्कि विश्व के लिए भी एक उभरते हुए मेडिकल हब के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मॉडल टाउन के विधायक अशोक गोयल सहित अनेक स्थानीय प्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।