अप्रैल 1, 2026 7:37 अपराह्न

printer

दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में आयोजित 122वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुईं

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में आयोजित 122वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने वैज्ञानिकों और कृषि विशेषज्ञों को शुभकामनाएं दी। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने ‘खाद्यान्न, पोषण और आजीविका सुरक्षा के लिए उन्नत फसल किस्में’ और ‘प्रिसिशन फ्लोरिकल्चर तथा लैंडस्केप डिजाइन’ पर आधारित पुस्तकों का विमोचन भी किया।

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान ने देश के अन्नदाताओं को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है। इस संस्थान ने खेतों को प्रयोगशालाओं से जोड़ते हुए हरित क्रांति से लेकर आधुनिक तकनीकों तक भारत की खेती को नई दिशा दी है और खाद्य सुरक्षा तथा आत्मनिर्भरता को मजबूत किया है। साथ ही, श्रीमती गुप्‍ता ने पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए वृक्षारोपण, जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने की अपील की तथा पीपल, नीम, बरगद और आम जैसे देशी वृक्षों को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने बताया कि दिल्ली में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए रिज क्षेत्र के करीब 4 हजार 200 हेक्टेयर को अधिसूचित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार किसानों, कृषि अनुसंधान और तकनीकी नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इस दिशा में निरंतर कार्य करती रहेगी।

इस अवसर पर दिल्‍ली सरकार में मंत्री रवीन्द्र इन्द्राज सिंह ने पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण और जैविक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि शहरीकरण बढ़ने के बावजूद दिल्ली में करीब 50 हजार हेक्टेयर जमीन पर अब भी खेती हो रही है।