दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में हरित, स्वच्छ और भविष्य के लिए तैयार दिल्ली की दिशा में तीन महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
एक सोशल मीडिया पोस्ट में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले वर्ष की पहली अप्रैल से राजधानी की सभी बस सेवाएं पूरी तरह से दिल्ली परिवहन निगम द्वारा संचालित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इससे बस संचालन अधिक प्रभावी होगा, सेवाएं समयबद्ध बनेंगी और यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी व अधिक सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन मिलेगा।
वहीं दिल्ली सचिवालय में हुई इस बैठक में दिल्ली के जलाशयों और जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इससे भूजल स्तर में सुधार होगा, जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा और स्वच्छ जल स्रोतों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।
आगे जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक में होलंबी कलां में ई-वेस्ट एको पार्क स्थापित करने का निर्णय भी लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह पहल इलेक्ट्रॉनिक कचरे के वैज्ञानिक और सुरक्षित निपटान को सुनिश्चित करेगी और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती देगी।