फ़रवरी 15, 2026 4:50 अपराह्न

printer

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को बेंगलुरु में फ्रांस की रक्षा मंत्री के साथ वार्षिक रक्षा संवाद सह-अध्यक्षता करेंगे

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को बेंगलुरु में फ्रांस की रक्षा मंत्री कैथरीन वाउटरिन के साथ छठे भारत-फ्रांस वार्षिक रक्षा संवाद की सह-अध्यक्षता करेंगे। बैठक में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी, जिसमें औद्योगिक सहयोग के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस दौरान रक्षा सहयोग समझौते को अगले 10 वर्षों के लिए नवीनीकृत किए जाने की संभावना है। साथ ही, हैमर मिसाइलों के निर्माण के लिए संयुक्त उद्यम से जुड़े एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर हो सकते हैं। बैठक में, भारतीय सेना और फ्रांसीसी थल सेना प्रतिष्ठानों में अधिकारियों की पारस्परिक तैनाती से संबंधित घोषणा भी किये जाने की उम्मीद है। दोनों मंत्री कर्नाटक के वेमागल में टाटा एयरबस द्वारा एच-125 लाइट यूटिलिटी हेलीकॉप्‍टर की फाइनल एसेंबली के वर्चुअल उद्घाटन के साक्षी भी बन सकते हैं। इस कार्यक्रम का वर्चुअल उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन करेंगे।

अक्टूबर 2025 में फ्रांस की रक्षा मंत्री का पदभार संभालने के बाद सुश्री कैथरीन वाउटरिन की यह पहली भारत यात्रा है। भारत-फ्रांस वार्षिक रक्षा संवाद, रक्षा और सुरक्षा सहयोग की समीक्षा और मार्गदर्शन के लिए आयोजित एक मंत्रिस्तरीय द्विपक्षीय बैठक है। इस बैठक का 5वां संस्करण 11 से 13 अक्टूबर 2023 तक फ्रांस में आयोजित किया गया था।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला