मार्च 25, 2026 8:24 अपराह्न

printer

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बी.आर.ओ से संबंद्ध संसदीय सलाहकार समिति की बैठक ली

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली में सीमा सड़क संगठन-बी.आर.ओ से संबंद्ध रक्षा मंत्रालय की संसदीय सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा और परिचालन तत्परता को मजबूत करने के लिए कार्यनीतिक उपायों से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई।

    सीमा पर मजबूत ढांचे के महत्व पर श्री सिंह ने कहा कि बी.आर.ओ एक ऐसा पारिस्थितिकी तंत्र विकसित कर रहा है जो राष्ट्रीय सुरक्षा, विकास और संपर्क को एकीकृत करता है। उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि भारत-म्यांमां सीमा के साथ लगभग एक हजार छह सौ किलोमीटर में फैले बुनियादी ढांचे के विकास का जिम्मा बी.आर.ओ को सौंपा गया है।

    रक्षा मंत्री ने सीमा सड़क विकास कार्यक्रम वर्ष 2023-28 के अंतर्गत हुई प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बजट सहायता बढ़ाने, आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने और कर्मियों के लिए कल्याणकारी उपायों के माध्यम से बीआरओ को मजबूत करने के प्रति सरकार की वचनबद्धता दोहराई।

    समिति को सूचित किया गया कि बेहतर सीमावर्ती ढांचे ने विकास को गति दी है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में योगदान दिया है। अफगानिस्तान, भूटान, म्यांमां और ताजिकिस्तान जैसे मित्र देशों में बीआरओ द्वारा किए गए कार्यों पर भी प्रकाश डाला गया।