रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि सरकार द्वारा वस्तु और सेवा कर-जी.एस.टी. कर दरों को युक्तिसंगत बनाने का रक्षा क्षेत्र में खरीद पर सीधा प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने इसे एक प्रगतिशील कदम बताते हुए कहा कि जीएसटी दरों में कमी से अधिक खरीद संभव हो सकेगी। श्री सिंह ने आज नई दिल्ली में रक्षा लेखा विभाग दिवस 2025 समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।
रक्षा मंत्री ने रक्षा क्षेत्र में अनुसंधान और विकास आधारित प्रौद्योगिकियों को बढ़ावा देने के लिए देश में एक नवाचार ईको सिस्टम बनाने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि रक्षा बजट के संरक्षक के रूप में लेखा विभाग, अनुसंधान और विकास को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
श्री सिंह ने कहा कि विभाग पेंशन और कल्याणकारी योजनाओं, संसाधनों के उपयोग और युद्धकाल में युद्ध की तैयारियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सशस्त्र बलों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पूरी दुनिया ने भारतीय सशस्त्र बलों की निर्णायक जीत देखी।