म्यामां में पिछले सप्ताह के विनाशकारी भूकंप में मृतकों की संख्या 2,719 हो गई है। 4,500 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं और 441 लोग लापता हैं। म्यामां के सैन्य प्रमुख मिन उंग ह्लवाइंग के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
आपदा के बाद क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य जारी है। भारत ऑपरेशन ब्रह्मा के तहत म्यामां को अब तक 625 मीट्रिक टन राहत सामग्री भेज चुका है। कल 442 मीट्रिक टन खाद्य सामग्री लेकर विशाखापत्तनम से एक और जहाज यांगून के लिए रवाना हुआ। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत म्यामां को और अधिक सहायता देने के लिए तैयार है।
पिछले सप्ताह म्यामां में 7.7 तीव्रता का भूकंप आया था। इसका असर थाइलैंड, वियतनाम, लाओस और दक्षिण-पश्चिम चीन पर भी पड़ा था।