मार्च 25, 2026 8:30 पूर्वाह्न

printer

डेनमार्क में चुनाव अनिर्णायक परिणाम के साथ समाप्त

डेनमार्क में चुनाव अनिर्णायक परिणाम के साथ समाप्त हुआ। जिससे प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन का भविष्य अनिश्चित हो गया है। चुनाव प्रचार अभियान में अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की ग्रीनलैंड संबंधी महत्वाकांक्षाओं के बजाय आम जनता से जुड़े मुद्दों पर अधिक ध्यान केंद्रित किया गया।

आधिकारिक परिणामों के अनुसार, प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन की मध्य-वामपंथी सोशल डेमोक्रेट पार्टी को 2022 के पिछले चुनाव की तुलना में नुकसान हुआ है। वही उनकी सरकार में शामिल अन्य सहयोगी दलों को भी विपरित परिणाम मिले है।

संसद में न तो वामपंथी और न ही दक्षिणपंथी गुटों को बहुमत मिला है। इससे अनुभवी विदेश मंत्री और पूर्व प्रधानमंत्री लार्स लोके रासमुसेन, किंगमेकर की भूमिका में सामने आ गए हैं। उनकी मध्यमार्गी मॉडरेट पार्टी यह तय करने की स्थिति में है कि फ्रेडरिक्सन तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगी या नहीं।

इससे पहले, फ्रेडरिक्सन ने चेतावनी दी थी कि ग्रीनलैंड पर नियंत्रण करने का कोई भी अमरीकी प्रयास नाटो के अंत का संकेत हो सकता है, हालांकि बाद में तनाव कम हो गया। डेनमार्क की संसद में कुल 179 सीटें हैं, जिनमें से 175 डेनमार्क से चुनी जाती हैं, जबकि ग्रीनलैंड और फरो आइलैंड्स से दो-दो प्रतिनिधि शामिल होते हैं।