अगस्त 5, 2025 8:30 पूर्वाह्न

printer

सत्तारूढ़ एनडीए संसदीय दल की महत्वपूर्ण बैठक आज नई दिल्ली में

 
राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) संसदीय दल की महत्‍वपूर्ण बैठक आज सुबह नई दिल्‍ली में होगी। एनडीए के लोकसभा और राज्‍यसभा सांसद बैठक में भाग लेंगे। बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण मुद्दे पर चर्चा की विपक्षी दलों की मांग पर संसद में आए गतिरोध के बीच यह बैठक हो रही है। विपक्षी दल विशेष गहन पुनरीक्षण को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। लोकसभा में विपक्षी दलों के प्रदर्शन के कारण कल राष्‍ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक 2025 और राष्‍ट्रीय डोपिंग रोधी (संशोधन) विधेयक 2025 पर चर्चा नहीं हो सकी। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक और राष्ट्रीय डोपिंग रोधी (संशोधन) विधेयक पर चर्चा का निर्णय लिया गया था। उन्‍होंने विपक्षी दलों के आचरण की निंदा करते हुए सदस्‍यों से सदन का समय बर्बाद न करने की अपील की। श्री रिजिजू ने कहा कि मॉनसून सत्र का तीसरा सप्‍ताह शुरू हो चुका है और विपक्षी दल लगातार कार्यवाही में बाधा डाल रहे हैं। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि यह विधेयक बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सदन से विधेयक पर चर्चा और पारित करने का आग्रह किया। 
 
 
पीठासीन अधिकारी और भारतीय जनता पार्टी के सांसद जगदम्बिका पाल ने भी विधेयक पर चर्चा शुरू करने के लिए सदस्‍यों से आग्रह किया। उन्‍होंने कहा कि मॉनसून सत्र की शुरूआत से ही सदन में कोई विधेयक पारित नहीं हुआ है। 
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला