सरकार ने 300 अवैध जुआ और सट्टेबाजी वेबसाइट तथा एप्लिकेशन को ब्लॉक कर दिया है। अवैध ऑनलाइन गेमिंग गतिविधियों के खिलाफ जारी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बताया कि इन प्लेटफॉर्मों में ऑनलाइन स्पोर्ट्स बेटिंग वेबसाइट, स्लॉट, रूलेट और लाइव डीलर टेबल तक पहुंच प्रदान कराने वाले ऑनलाइन कैसीनो तथा पीयर-टू-पीयर मार्केटप्लेस के रूप में काम करने वाले बेटिंग एक्सचेंज शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि सट्टा और मटका जुआ नेटवर्क के साथ-साथ रियल मनी कार्ड और कैसीनो गेमिंग एप्लिकेशन पर भी कार्रवाई की गई है।
सूत्रों ने बताया कि अब तक कुल मिलाकर लगभग 8 हजार चार सौ ऐसी वेबसाइट को ब्लॉक किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इनमें से लगभग 4 हजार नौ सौ वेबसाइट ऑनलाइन गेमिंग अधिनियम पारित होने के बाद बंद की गई हैं।