संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को किये गए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन की एक प्रति आज लोकसभा में प्रस्तुत की गई। राष्ट्रपति के संबोधन के बाद दोपहर में सदन की कार्यवाही शुरू होने पर इस प्रति को सदन में प्रस्तुत किया गया। अध्यक्ष ओम बिरला ने भी घोषणा की कि कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी को निचले सदन में विपक्ष के नेता के रूप में मान्यता दी गई है। बाद में सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।
राज्यसभा में भी राष्ट्रपति के संबोधन की एक प्रति प्रस्तुत की गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नवगठित केन्द्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्यों से ऊपरी सदन का परिचय करवाया। सभापति जगदीप धनखड़ ने घोषणा की कि केन्द्रीय मंत्री जे पी नड्डा को सदन के नेता के रूप में नियुक्त किया गया है। बाद में सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।