केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज गुजरात के आणंद में देश के पहले सहकारी विश्वविद्यालय त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी। कार्यक्रम के दौरान श्री शाह ने कहा कि पिछले चार वर्षों में सहकारिता मंत्रालय ने 60 नए उपाय शुरू किए हैं। करोड़ों गरीब और ग्रामीण लोगों के जीवन में आशा का संचार करने के लिए सहकारिता मंत्रालय की स्थापना की गई थी।
श्री शाह ने कहा कि सहकारिता आंदोलन से करीब 40 लाख कार्यकर्ता जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय सहकारी क्षेत्र में नीति निर्माण, डेटा विश्लेषण, सहकारी विकास रणनीति और अनुसंधान जैसे कार्य करेगा। साथ ही, यह विश्वविद्यालय न केवल सहकारी कर्मचारी तैयार करेगा बल्कि त्रिभुवन भाई जैसे समर्पित सहकारी नेता भी तैयार करेगा, जो सहकारी क्षेत्र का अध्ययन और नेतृत्व करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान, श्री शाह ने सहकारिता मंत्रालय और एनसीईआरटी के सहयोग से सहकारिता के बारे में स्कूली छात्रों के लिए तैयार किए गए एक विशेष द्विभाषी मॉड्यूल का भी अनावरण किया।