अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ- कैट ने भारत और यूरोपीय संघ व्यापार समझौता का स्वागत किया है। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि यह व्यापार समझौता देश की वैश्विक आर्थिक सहभागिता में एक ऐतिहासिक और रणनीतिक उपलब्धि है। श्री खंडेलवाल ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का प्रतीक है, जिसके तहत भारत को एक विश्वसनीय और प्रतिस्पर्धी वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित किया जा रहा है। एक रिपोर्ट –
यह समझौता भारतीय वस्तुओं और सेवाओं के लिए बाजार पहुंच को बढ़ाएगा और देश को वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं से और अधिक मजबूती से जोड़ेगा। इस समझौते के प्रमुख लाभों को रेखांकित करते हुए श्री खंडेलवाल ने कहा कि भारत-ईयू व्यापार समझौते से सीमा शुल्क और गैर-सीमा शुल्क बाधाएं कम होंगी, निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और निर्माण तथा सेवाओं में विदेशी प्रत्यक्ष निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा। इसके साथ ही तकनीकी हस्तांतरण, नवाचार और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह समझौता सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम को नए वैश्विक बाजार उपलब्ध कराएगा और आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को वैश्विक एकीकरण के साथ सशक्त बनाएगा। साथ ही, औषधीय दवाएं और स्वास्थ्य देखभाल, सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल सेवाएं, कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ सहित नए उद्यम को विशेष लाभ होगा। प्रादेशिक समाचार के लिए, आदित्य प्रताप सिंह।