अप्रैल 3, 2026 7:43 अपराह्न

printer

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने नई दिल्ली में प्रवर्तन कार्य बल की 128वीं बैठक आयोजित की

दिल्‍ली एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग -सी.ए.क्यू.एम ने नई दिल्ली में प्रवर्तन कार्य बल की 128वीं बैठक आयोजित की। इसमें 14 से 26 मार्च के बीच राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में किए गए प्रवर्तन और निरीक्षण कार्यों की समीक्षा की गई। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने बताया कि बैठक में निर्माण और तोड़ फोड़ कार्यों, औद्योगिक गतिविधियों, धूल और डीजल जनरेटर से होने वाले वायु प्रदूषण की स्थिति के‍ निरीक्षण कार्यों पर चर्चा की गई।

    निरीक्षण रिपोर्टों के आधार पर 10 इकाइयों को बंद करने, 27 इकाइयों के डीजल जनरेटर सेट  सील करने, आठ इकाइयों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और एक इकाई के लिए पर्यावरण क्षतिपूर्ति का प्रस्ताव रखा गया। कार्य बल ने सड़क धूल प्रबंधन से संबंधित निरीक्षणों सहित क्षेत्रीय प्रवर्तन की समीक्षा की। मेरठ और फरीदाबाद में 16 जोन में किए गए निरीक्षणों में 140 उल्लंघन पाए गए। इन उल्‍लंघनों के लिए संबंधित नगर निकायों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।