वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि रसायन एवं पेट्रोरसायन उद्योग भारत के वैश्विक नेतृत्व को मज़बूत कर सकता है। उन्होंने आज सीआईआई द्वारा आयोजित सातवें भारतीय रसायन एवं पेट्रोरसायन सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि रसायन एवं पेट्रोरसायन उद्योग में नई तकनीकों के विकास में अग्रणी भूमिका निभाने और अर्थव्यवस्था एवं उद्योग के लिए अत्याधुनिक समाधान प्रदान करने में भारत को अग्रणी बनाने की क्षमता है।
उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि सरकार की नीतियों का उद्देश्य संतुलित विकास सुनिश्चित करना है जिससे समाज के सभी वर्गों को लाभ हो, घरेलू अर्थव्यवस्था मज़बूत हो और भारत वैश्विक मंच पर प्रमुखता से स्थापित हो।
श्री गोयल ने रसायन एवं पेट्रोरसायन क्षेत्र की महत्वपूर्ण क्षमता और देश के समग्र विकास में इसकी रणनीतिक भूमिका को स्वीकार किया। उन्होंने आगे बताया कि आईएमएफ द्वारा भारत के विकास अनुमान में हाल ही में किया गया संशोधन देश के आर्थिक लचीलेपन और मज़बूत बुनियादी ढाँचे का प्रमाण है।