भारत में कोलंबिया के राजदूत विक्टर ह्यूगो एचेवेरी जरामिलो ने तेज़ी से बदलते भू-राजनीतिक बदलावों के दौर में भारत को एक विश्वसनीय साझेदार बताया है। श्री जरामिलो ने कहा कि भरोसेमंद साझेदार ढूँढना ज़रूरी है और यह एक ऐसी भूमिका है जिसे भारत और कोलंबिया दोनों निभा रहे हैं। एक साक्षात्कार में, कोलंबिया के राजदूत ने आशा व्यक्त की कि द्विपक्षीय संबंध न केवल राजनीतिक और व्यावसायिक रूप से, बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी आगे बढते रहेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब टैरिफ़ से चिह्नित वैश्विक व्यापार युद्ध चल रहा है, भारत और कोलंबिया के पास अपार संभावनाएं हैं। दोनों देशों के बीच वर्तमान में द्विपक्षीय व्यापार लगभग चार अरब सत्तर करोड डॉलर प्रति वर्ष है।
उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने में उच्च-स्तरीय राजनीतिक आदान-प्रदान के महत्व पर भी ज़ोर दिया और भारत के आईटीईसी कार्यक्रम के माध्यम से सहयोग पर प्रकाश डाला। राजदूत ने दृश्य-श्रव्य क्षेत्र में प्रबल संभावनाओं का उल्लेख करते हुए भारतीय और कोलंबियाई कंपनियों के बीच संयुक्त फिल्म और मीडिया निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए हाल ही में हुए एक समझौते का जिक्र दिया।