छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और मध्य महाराष्ट्र में शीत लहर की आशंका: मौसम विभाग

मौसम विभाग ने कल छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और मध्य महाराष्ट्र में शीत लहर की आशंका व्‍यक्‍त की है। मराठवाड़ा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, ओडिशा, पंजाब, तेलंगाना और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कल तक ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है।

विभाग ने कहा है कि अगले दो दिन तक असम, मेघालय, पूर्वी उत्तर प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और ओडिशा में घना कोहरा छाया रहेगा।

मौसम विभाग ने कल अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज के साथ बिजली चमकने और तेज़ हवाओं के साथ बारिश की भविष्यवाणी की है।

इस बीच, दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आज शाम 7 बजे तक क्षेत्र का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक दो सौ 77 दर्ज किया गया।