मौसम विभाग ने कल हिमाचल प्रदेश, जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति का अनुमान व्यक्त किया है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और ओडिशा में अगले दो तीन दिनों के दौरान सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान में कल गरज के साथ बारिश और बिजली चमकने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे गिरावट आएगी।
मध्य भारत और महाराष्ट्र में अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले दो दिनों में पश्चिमी हिमालय में न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा।
मौसम कार्यालय ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिनों में सुबह और रात के समय धुंध और हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है।