पाकिस्तान के कराची में ईसाई संगठनों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने नाबालिग लड़कियों की सुरक्षा को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इन संगठनों ने जबरन शादी और धर्म परिवर्तन से जुड़े मामलों पर विशेष चिंता व्यक्त की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नेशनल क्रिश्चियन पार्टी और गवाही मिशन ट्रस्ट सहित कई समूहों ने अलग-अलग प्रदर्शन किए। इनमें शामिल महिलाओं ने नारे लगाकर कानूनी सुरक्षा और न्याय की मांग की। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि नाबालिग लड़कियों का अपहरण किया जा रहा है और उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव डालकर शादी के लिए मजबूर किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्य मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन हैं। उनकी मांग थी कि इन कृत्यों को रोकने के लिए कानून को सख्ती से लागू किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों से इस मुद्दे को गंभीरता से लेने का आग्रह किया।
News On AIR | मार्च 31, 2026 6:53 अपराह्न
पाकिस्तान में नाबालिग लड़कियों की सुरक्षा को लेकर ईसाई संगठनों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन