चीन ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ अमरीका की सैन्य कार्रवाई की कड़ी आलोचना की है। चीन ने एकतरफा कार्रवाई के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा है कि किसी भी देश का वैश्विक पुलिसकर्मी या अंतरराष्ट्रीय न्यायाधीश के रूप में कार्य करना अस्वीकार है। चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने कहा कि अस्थिर वैश्विक स्थिति एकतरफा कार्रवाई में वृद्धि को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय कानून के अंतर्गत राष्ट्रीय संप्रभुता की रक्षा की जानी चाहिए।
पेईचिंग में श्री वांग ने कहा कि चीन संयुक्त राष्ट्र चार्टर का पालन करने, संप्रभुता का सम्मान करने और संवाद तथा सहयोग के माध्यम से विवादों के निपटारे का समर्थन करता है।
अमरीकी सेना ने शनिवार को वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो को पकड़ लिया था। मादुरो अभी अमरीकी हिरासत में हैं। वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने सुश्री रोड्रिगेज से वेनेजुएला के संसाधनों, विशेष रूप से कच्चे तेल तक अमरीका को पूर्ण पहुंच प्रदान करने को कहा है। ऐसा न होने पर अमरीका ने सुश्री रोड्रिगेज को मादुरो से भी बदतर परिणामों का सामना करने की चेतावनी दी है। डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि देश के पुनर्निर्माण के लिए अमरीका को इन संसाधनों की आवश्यकता है।