मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

जून 28, 2024 8:34 अपराह्न | मणिपुर - राहत शिविर

printer

मणिपुर के मुख्य सचिव डॉ. विनीत जोशी ने राजभवन में मणिपुर की राज्यपाल सुश्री अनुसुइया उइके से मुलाकात की

मणिपुर के मुख्य सचिव डॉ. विनीत जोशी ने आज शाम राजभवन में मणिपुर की राज्यपाल सुश्री अनुसुइया उइके से मुलाकात की और राज्य के विभिन्न हिस्सों में राहत शिविरों में शरण लेने वाले आंतरिक रूप से विस्थापित व्यक्तियों (आईडीपी) के लिए उठाए गए विभिन्न उपायों के बारे में जानकारी दी। मुख्य सचिव ने राज्यपाल को सूचित किया कि आवश्यक वस्तुएं दी जा रही हैं और आंतरिक रूप से विस्थापित व्यक्तियों (आईडीपी) के लिए पहाड़ी और घाटी दोनों जिलों में अस्थायी आश्रय गृह उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।

जब राज्यपाल ने जिरीबाम जिले के बारे में पूछा, जहां हाल ही में जातीय हिंसा हुई है, तो डॉ. विनीत जोशी ने कहा कि लगभग नौ सौ आंतरिक रूप से विस्थापित व्यक्ति (आईडीपी) अब राहत शिविरों में शरण ले रहे हैं और उनकी जरूरतों को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिरीबाम जिले के उपायुक्त को आवश्यक व्यवस्था करने के लिए क्षतिग्रस्त घरों और संपत्तियों का आकलन करने का निर्देश दिया गया है।

राज्यपाल ने मुख्य सचिव को धनमंजुरी विश्वविद्यालय (डीएम विश्वविद्यालय) के लिए नए कुलपति की नियुक्ति के तरीकों में तेजी लाने और नए चयनित सहायक प्रोफेसरों को शामिल करने की सुविधा प्रदान करने का भी निर्देश दिया। उल्लेखनीय है कि नव स्थापित राज्य विश्वविद्यालय में शिक्षक एवं गैर शिक्षक कर्मचारियों की नियुक्ति में हो रही देरी के खिलाफ डीएम विश्वविद्यालय के छात्रों ने आंदोलन किया था।

सर्वाधिक पठित

सम्पूर्ण जानकारी

कोई पोस्ट नहीं मिला