मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज महाराष्ट्र के राज्यपाल और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन -एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सी पी राधाकृष्णन का दिल्ली एयरपोर्ट पर स्वागत किया। इस अवसर पर श्रीमती गुप्ता ने कहा कि सार्वजनिक जीवन के विविध दायित्वों में श्री राधाकृष्णन का समर्पण सदैव वंचित और उपेक्षित वर्गों के उत्थान हेतु रहा है। उनके राजनीतिक और सामाजिक सफर का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु में उनके जमीनी कार्य और महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में श्री राधाकृष्णन ने समाज और राज्य दोनों को नई ऊँचाइयाँ प्रदान की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संवैधानिक विषयों पर उनका गहन अनुभव राज्यसभा में न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करेगा बल्कि उन्हें नई गरिमा और दिशा भी देगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ केंद्रीय मंत्री प्रलहाद जोशी, किरेन रिजिजू, के राम मोहन नायडु और भूपेंद्र यादव, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावडे तथा दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा भी उपस्थित थे।