मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर शालीमार विधानसभा क्षेत्र में अत्याधुनिक वॉटर एटीएम का उद्घाटन किया। श्रीमती गुप्ता ने बताया कि शालीमार बाग के वार्ड संख्या 55, 56 और 57 में कुल 7 स्थानों पर वॉटर एटीएम स्थापित किए गए हैं। साथ ही, स्थानीय नागरिकों को वॉटर एटीएम कार्ड भी वितरित किए गए हैं जिससे वे नियमित रूप से शुद्ध पेयजल का लाभ उठा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि ये वॉटर एटीएम आधुनिक तकनीक से सुसज्जित हैं और नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुलभ पेयजल उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहब की जयंती पर नागरिकों को स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना उनके विचारों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। श्रीमती गुप्ता ने कहा दिल्ली सरकार बाबा साहब के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।