छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का एक प्रतिनिधिमंडल इन दिनों जापान और दक्षिण कोरिया के दौरे पर है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आज टोक्यो में जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन-जेट्रो के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने आईटी, टेक्सटाइल, एयरो स्पेस, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने जेट्रो को प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
जेट्रो के अधिकारियों ने कहा कि जेट्रो जापान और दुनिया के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा देता है, जिससे कंपनी को वैश्विक स्तर पर विस्तार करने में मदद मिलती है। जेट्रो के अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ के साथ व्यापारिक संबंधों को सशक्त बनाने में रूचि दिखाई।
वहीं, मुख्यमंत्री ने आज राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर ‘‘इंडियन ईएमबी टोक्यो’’ द्वारा आयोजित ‘‘डीप स्पेस-टू द मून एंड बियॉन्ड’’ प्रदर्शनी का अवलोकन किया।