मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त (ईसी) डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा के लिए आज से दो दिन चेन्नई दौरे पर रहेंगे। इस दौरान टीम जिला कलेक्टरों, पुलिस अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगी। तमिलनाडु में 234 विधानसभा क्षेत्र हैं। पिछला विधानसभा चुनाव 2021 में हुआ था।
वर्तमान सरकार का कार्यकाल इस वर्ष समाप्त हो रहा है। कुछ दिन पहले जारी विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के आंकडों के बाद राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या पांच करोड 67 लाख है। 2024 में हुए पिछले संसदीय चुनावों में कुल मतदाताओं की संख्या छह करोड 27 लाख थी और 2021 के विधानसभा चुनावों में यह संख्या छह करोड 62 लाख थी।