केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने अंतर्राष्ट्रीय अपराध पुलिस संगठन-इंटरपोल की मदद से रेड नोटिस जारी वांछित आरोपी अनिल कुमार रेड्डी येदुला को संयुक्त अरब अमीरात से वापस भारत लाकर बड़ी सफलता हासिल की है। अनिल कुमार रेड्डी धोखाधड़ी और धमकी जैसे कई आपराधिक मामलों में आंध्र प्रदेश पुलिस द्वारा वांछित था। दुबई पुलिस आरोपी येदुला को लेकर दुबई से हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंची और वहीं उसे आंध्र प्रदेश पुलिस को सौंप दिया।
सीबीआई की अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग की विशेष इकाई ने ये कार्रवाई गृह मंत्रालय और अबू धाबी के अधिकारियों के साथ मिलकर की। आंध्र प्रदेश पुलिस के अनुरोध पर येदुला के खिलाफ 5 सितंबर, 2022 को रेड नोटिस जारी किया गया था।
सीबीआई ने बताया कि हाल के वर्षों में इंटरपोल के समन्वय से 130 से अधिक वांछित अपराधियों को देश वापस लाया गया है। प्रत्यर्पण लंबित रहने तक विदेशों में छिपे वांछित आरोपियों का पता लगाने और उन्हें अस्थायी रूप से गिरफ्तार करने में कानून प्रवर्तन एजेंसियों की सहायता के लिए विश्व स्तर पर रेड नोटिस जारी किए जाते हैं।