पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव प्रचार का कल आखिरी दिन है। विभिन्नप पार्टियों के प्रमुख नेताओं ने आज केंद्र शासित प्रदेश में सभाओं और रैलियों को संबोधित किया। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और डीएमके पार्टी के नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन सहित कई नेताओं ने चुनाव प्रचार किया।
असम में चुनाव प्रचार चरम पर है। दिग्गज प्रचारक राज्य भर में रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बारपेटा, होजाई और डिब्रूगढ़ में रैलियां कीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। पिछले एक दशक में हुए विकास पर प्रकाश डालते हुए श्री मोदी ने कहा कि राज्य में बेहतर बुनियादी ढांचे, संपर्क और बिजली की उपलब्धता ने आर्थिक विकास को गति दी है और रोजगार के अवसर पैदा किए हैं। उन्होंने “विकसित भारत” के तहत “विकसित असम” के निर्माण के अपने दृष्टिकोण को दोहराया। उन्होंने दीर्घकालिक विकास संबंधी योजनाओं की कमी के लिए कांग्रेस की आलोचना की।
इस बीच, कांग्रेस ने भी अपना चुनाव प्रचार तेज़ कर दिया है। वरिष्ठ पार्टी नेता कुमारी शैलजा ने गुवाहाटी में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, समान नागरिक संहिता के मुद्दे पर भाजपा को निशाना बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे मुद्दे चुनाव के दौरान लोगों में फूट डालने के लिए उठाए जाते हैं। सुश्री शैलजा ने कहा कि उनकी पार्टी न्याय और सभी के लिए समान अधिकारों के लिए खड़ी है।
असम गण परिषद, असम जातीय परिषद और रायजोर दल सहित अन्य राजनीतिक दलों के साथ-साथ कई क्षेत्रीय दलों ने भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में अपना अभियान तेज कर दिया है।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन था। अब तक कुल पांच हजार पांच सौ 62 नामांकन दाखिल किए गए। कल नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 9 अप्रैल है। करूर में अब तक सबसे अधिक एक सौ आठ नामांकन प्राप्त हुए हैं। मनमदुरई (दक्षिण) और कुरिंजीपाडी में सबसे से कम 5 नामांकन पत्र प्राप्त हुए। तिरुकोविलूर, गुडालूर, कुन्नूर, गंधर्वकोट्टई, अलंगुडी, उसिलामपट्टी, कोलाचेल और विलावन्कोड निर्वाचन क्षेत्रों में दस से कम नामांकन दाखिल किए गए। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा।