ब्रिटेन में बकिंघम पैलेस ने घोषणा की है कि किंग चार्ल्स ने लेबर पार्टी के नेता कीर स्टार्मर को नई सरकार गठित करने के लिए आमंत्रित किया है आम चुनावों के परिणामों में लेबर पार्टी ने बडी जीत हासिल की है। स्टार्मर के नेतृत्व में पार्टी ने 412 सीट जीतकर कंजर्वेटिव पार्टी के 14 वर्षों के शासन को खत्म किया है।
ब्रिटेन के 58वें प्रधानमंत्री के रूप में लेबर पार्टी के 61 वर्षीय नेता ने परिणाम देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए बदलाव लाने का वायदा किया है। प्रधानमंत्री के रूप में अपने पहले भाषण में श्री स्टार्मर ने श्री ऋषि सुनक की प्रशंसा की और उनके नेतृत्व में सरकार के कड़े परिश्रम और समर्पण को सराहा।
इससे पहले, श्री सुनक ने इस्तीफा देने के बाद संक्षिप्त भाषण में कहा कि कंजर्वेटिव पार्टी की सरकार के दौरान ब्रिटेन 2010 की तुलना में 14 वर्ष में अधिक समृद्ध, निष्पक्ष और मजबूत हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विश्व के नेताओं ने ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को बधाई दी है।