दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए उपराज्यपाल से दिल्ली सरकार को बर्खास्त करने की मांग की
दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने आज राजधानी में बारिश के बाद बने बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए उपराज्यपाल से दिल्ली सरकार को बर्खास्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह फेल हो गई है और इसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
श्री बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली सरकार को मॉनसून की तैयारी के लिए पहले ही सभी विभागों के साथ मीटिंग करके रणनीति बनानी चाहिए। लेकिन ऐसा कुछ नहीं किया गया क्योंकि आम आदमी पार्टी के नेता भ्रष्टाचार के आरोप में पकड़े गए। वे नेता मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध करने में जुटे रहे या फिर दूसरों पर आरोप जड़ने में लगे रहे।
श्री बिधूड़ी ने आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जेल से सरकार चलाने की जिद पर अड़े हुए हैं जिससे असंवैधानिक संकट पैदा हो गया है। दिल्ली सरकार की लापरवाही के कारण दिल्ली की जनता को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि दक्षिण दिल्ली में महिपालपुर और बदरपुर से लेकर दिल्ली के कनॉट प्लेस तक और पूर्वी दिल्ली से पश्चिमी दिल्ली के क्षेत्रों में पानी भर गया है।