भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक कल रात नई दिल्ली में हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जे.पी नड्डा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता बैठक में शामिल हुए। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे फॉर्मूले की घोषणा के बाद बुलायी गयी इस बैठक का उद्देश्य पार्टी की चुनावी रणनीति और उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देना था। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतंत्रिक गठबंधन-एनडीए ने कल सीट बंटवारे की घोषणा की थी। समझौते के अनुसार भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड 101 – 101 सीटों पर चुनाव लडेंगे। लोक जनशक्ति पार्टी- रामविलास गुट को 29 सीटें तथा हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चे को 6-6 सीटें दी गई है।
चुनाव में एनडीए का मुकाबला विपक्षी इंडी गठबंधन से होगा। इस गठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी- माले लिब्रेशन, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी तथा विकासशील इंसान पार्टी शामिल हैं। इंडी गठबंधन को अभी सीट बंटवारे पर फैसला लेना है।
बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में- 6 और 11 नवंबर को होगा। वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी।