अप्रैल 6, 2026 10:21 पूर्वाह्न

printer

भाजपा का 47वां स्‍थापना दिवस, कार्यकर्ताओं और नेताओं ने दीं शुभकामनाएं

भारतीय जनता पार्टी आज अपना 47वां स्‍थापना दिवस मना रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सहित भाजपा के अन्‍य वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पार्टी हमेशा से ‘राष्‍ट्र प्रथम’ के सिद्धांत से प्रेरित होकर समाज सेवा में अग्रणी रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता निस्वार्थ सेवा, अटूट समर्पण और सुशासन के प्रति गहरी प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते हैं। प्रधानमंत्री ने उन अनगिनत कार्यकर्ताओं को भी याद किया जिनके समर्पण और बलिदान ने दशकों से पार्टी के विकास को आकार दिया है। गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को शुभकामनाएं दी हैं। शाह ने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की राष्ट्रवादी सोच और वैचारिक प्रेरणा से जन्मी भाजपा महज एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्र के पुनर्निर्माण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पार्टी भारतीय संस्कृति के ऐतिहासिक महत्व को पुनस्थापित करने का लगातार प्रयास कर रही हैं।

सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर पार्टी कार्यकर्ताओं और सदस्यों को शुभकामनाएं दी हैं। डॉ. मुरुगन ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि राष्ट्रवाद, लोकतांत्रिक मूल्यों और समग्र मानवतावाद के आदर्शों से प्रेरित भाजपा राष्ट्र निर्माण और समाज के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रही है।