बिहार के कटिहार जिले में हुए एक भीषण सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना कल शाम लगभग 6 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर कोढ़ा ब्लॉक के बसगढ़ा चौक के पास हुई, जब एक बस की पिकअप से टक्कर हो गई। इस घटना में एक मोटरसाइकिल सवार की भी मौत हो गई। सभी घायलों को इलाज के लिए कोढ़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और पूर्णिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, श्रद्धालुओं का एक समूह झारखंड में एक धार्मिक अनुष्ठान पूरा करने के बाद पिकअप से पूर्णिया लौट रहा था।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस भीषण सड़क दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए, मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।