बिहार में महागठबंधन ने राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव को विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है।
कांग्रेस के चुनाव पर्यवेक्षक और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज पटना में आयोजित एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा की। इस अवसर पर महागठबंधन के सभी सात घटक दलों के प्रमुख और वरिष्ठ नेता मौजूद थे। अशोक गहलोत ने कहा कि अगर महागठबंधन सरकार बनाता है तो विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महागठबंधन ने अपना मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर दिया है, जबकि एनडीए में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर अभी भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
इस अवसर पर तेजस्वी प्रसाद यादव ने गठबंधन नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह महागठबंधन के सहयोगियों की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।