बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और एन.डी.ए. के कई वरिष्ठ नेता पटना के गांधी मैदान में दोपहर 12 बजकर दस मिनट पर होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि मंत्रिमंडल विस्तार पिछली सरकार द्वारा अपनाए गए फार्मूले के आधार पर किया जा रहा है। भाजपा के लगभग पंद्रह और जे.डी.यू. के चौदह विधायकों के मंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है। इसके अतिरिक्त, लोक जनशक्ति पार्टी-राम विलास से दो, जबकि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा से एक-एक प्रतिनिधि को भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना है।
मंत्रिमंडल में अधिकांश पद भाजपा और जे.डी.यू. के जाने-पहचाने चेहरों को दिए जाने की संभावना है। हालांकि, कुछ नए चेहरे भी शामिल हो सकते हैं। जे.डी.यू. से निशांत कुमार के नाम पर भी चर्चा चल रही है।