सितम्बर 19, 2025 8:54 अपराह्न | Hockey Asia Cup 2025

printer

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हॉकी एशिया कप 2025 विजेता भारतीय टीम को सम्मानित किया

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना में हॉकी एशिया कप टूर्नामेंट 2025 की विजेता, हॉकी इंडिया टीम के सदस्यों को सम्मानित किया। सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने हॉकी इंडिया टीम और सहयोगी स्टाफ के शानदार प्रदर्शन की सराहना की।

बिहार के राजगीर में आयोजित टूर्नामेंट के फाइनल में 7 सितंबर को, कप्तान हरमनप्रीत सिंह के नेतृत्व में भारतीय टीम ने दक्षिण कोरिया को हराकर एशिया कप हॉकी चैंपियनशिप का खिताब जीता।

मुख्यमंत्री ने एशिया कप 2025 की चैंपियन, भारतीय टीम के प्रत्येक खिलाड़ी के लिए 10 लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य के लिए 5 लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की थी। आज भारतीय टीम को चेक के माध्यम से कुल ढाई करोड़ रुपये की राशि सौंपी गई। समारोह में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी उपस्थित थे।