दिल्ली सरकार भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 136वीं जयंती के अवसर पर आज से ‘भीम ज्योति उत्सव’ का आयोजन कर रही है। पांच दिवसीय यह उत्सव कस्तूरबा गांधी मार्ग स्थित इंडिया गेट लॉन्स में आयोजित होगा।
14 अप्रैल तक चलने वाले इस आयोजन में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदर्शनी और ज्योति उत्सव होगा, वहीं शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस आयोजन के अंतर्गत आगंतुकों को बाबा साहेब के जीवन, विचारों और संघर्ष से जुड़े विभिन्न पहलुओं को देखने और समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही, कई सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रस्तुतियां और जागरूकता गतिविधियां भी होंगी। कार्यक्रम में ‘संविधान मेला’ खास आकर्षण होगा, जहां सरकार की योजनाओं जैसे छात्रवृत्ति, पेंशन और कौशल विकास की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा, डिजिटल वॉल के जरिए बाबा साहेब के जीवन और संविधान निर्माण की झलक भी दिखाई जाएगी। आयोजन के अंतर्गत एक विशेष गैलरी स्थापित की जाएगी, जिसमें 299 प्रमुख व्यक्तियों की सूची, उनके योगदान से संबंधित साहित्य और महत्वपूर्ण जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही आगंतुकों को संविधान से जुड़े नियमों, अधिनियमों और प्रावधानों की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की जाएगी।
News On AIR | अप्रैल 10, 2026 7:05 अपराह्न | 'Bhim Jyoti Utsav'
भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 136वीं जयंती के अवसर पर आज से ‘भीम ज्योति उत्सव’ का आयोजन