भारतीय जनता पार्टी ने आज बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 12 उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की। हाल ही में पार्टी में शामिल हुईं लोक गायिका मैथिली ठाकुर को अलीनगर से मैदान में उतारा गया है। पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा बक्सर सीट से चुनाव लड़ेंगे। डॉ. सियाराम सिंह बाढ़ विधानसभा क्षेत्र से और महेश पासवान अगिआंव सीट से चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही पार्टी अब तक 83 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर चुकी है।
इस बीच, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने आज बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए के भीतर सीट बंटवारे के तहत पार्टी को आवंटित 29 सीटों में से 14 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। पार्टी ने गोविंदगंज से राजू तिवारी, सिमरी बख्तियारपुर से संजय कुमार सिंह, दरौली से विष्णु देव पासवान, गरखा से सीमांत मृणाल, साहेबपुर कमाल से सुरेंद्र कुमार, बखरी से संजय कुमार और परबत्ता से बाबूलाल शौर्य को मैदान में उतारा है।
इससे पहले, जनता दल (यूनाइटेड) ने भी 57 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की है। पार्टी ने कई मौजूदा विधायकों और राज्य मंत्रियों को फिर से टिकट दिया है। राज्य मंत्रिमंडल में वर्तमान में सेवारत मंत्रियों को चुनाव लड़ने का एक और मौका दिया गया है। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार नालंदा से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता और जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी सरायरंजन निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।
समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी और शिक्षा मंत्री सुनील कुमार को भी फिर से उम्मीदवार बनाया गया है। इस बीच, महनार निर्वाचन क्षेत्र से कल नामांकन पत्र दाखिल करने वाले राज्य जद (यू) अध्यक्ष उमेश कुशवाहा का नाम भी सूची में शामिल है। एक अन्य मंत्री, महेश्वर हजारी समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व सांसद अश्वमेध देवी को समस्तीपुर विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है।