बांग्लादेश क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड-बीसीबी के निदेशक और वित्तीय समिति के अध्यक्ष एम नजमुल इस्लाम के तत्काल इस्तीफा देने की मांग किए जाने के कारण बांग्लादेश क्रिकेट कल गहरे संकट में चला गया। अगर नजमुल इस्लाम इस्तीफा नहीं देते हैं तो एसोसिएशन ने आज से सभी मैचों के पूर्ण बहिष्कार की धमकी दी है।
आपातकालीन ऑनलाईन संवाददाता सम्मेलन में एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद मिथुन ने चेतावनी देते हुए कहा कि ढाका में होने वाले चट्टोग्राम रॉयल्स और नोआखाली एक्सप्रेस के बीच बांग्लादेश प्रीमियर लीग-बीपीएल मैच के पहले अगर नजमुल दोपहर एक बजे से पहले इस्तीफा नहीं देते हैं तो बीपीएल सहित क्रिकेट की सभी स्पर्धाएं निरस्त कर दी जाएंगी।
अगर बांग्लादेश आगामी आई सी सी पुरूष टी-ट्वेंटी विश्वकप को छोड़ता है तो खिलाडियों को क्षतिपूर्ति नहीं दिए जाने वाली नजमुल की निंदनीय टिप्पणी के बाद यह विवाद उत्पन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि बोर्ड खराब अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शन के लिए क्रिकेटरों से फीस की वापसी की भी मांग कर सकता है।
मोहम्मद मिथुन ने कहा है कि इस टिप्पणी से क्रिकेट समुदाय आहत हुआ है। उनकी यह टिप्पणी पूरी तरह अस्वीकार्य है। क्रिकेट खिलाडी न सिर्फ नजमुल के इस्तीफे बल्कि बीसीबी के अध्यक्ष अमिनुल इस्लाम बुलबुल से नजमुल पर निर्णायक कार्रवाई करने और सार्वजनिक माफी मांगने की भी मांग कर रहे हैं।