बांग्लादेश में आम चुनावों से पहले इस्लामी राजनीतिक गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर गहरा तनाव उत्पन्न हो गया है। मुख्य विवाद जमात-ए-इस्लामी और इस्लामी आंदोलन बांग्लादेश के बीच सीटों की संख्या पर है। इस्लामी आंदोलन बांग्लादेश के प्रवक्ता और वरिष्ठ संयुक्त महासचिव गाज़ी अताउर रहमान ने कल ढाका में पत्रकारों से बात करते हुए, कहा कि 12 फरवरी को होने वाले चुनाव से पहले राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।
उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी जमात के नेतृत्व वाले गठबंधन से परे भी अपने विकल्प खुले रख रही है।
मामुनुल हक के नेतृत्व वाली बांग्लादेश खेलाफत मजलिस ने 25-30 सीटों की मांग की है, लेकिन उसे अधिकतम 20 सीटों की पेशकश की गई है।गाजी अताउर रहमान ने कहा कि इस्लामी आंदोलन “थोपे गए फैसलों” को स्वीकार नहीं करेगा और कहा कि समझौता आपसी सम्मान पर आधारित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी स्तरों के नेताओं से परामर्श कर रही है और एक-दो दिन के भीतर पार्टी की सर्वोच्च नीति-निर्माता संस्था, मजलिस-ए-अमेला द्वारा अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
बांग्लादेश खेलाफत मजलिस ने भी चेतावनी दी है कि अगर इस्लामी आंदोलन गठबंधन से अलग हो जाता है, तो वह अपने रुख पर पुनर्विचार कर सकती है। हालांकि, जमात के नेताओं ने आशा व्यक्त की है कि समझौता हो जाएगा और गठबंधन बरकरार रहेगा।