मार्च 25, 2026 7:05 पूर्वाह्न

printer

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने नरसंहार दिवस पर शोक व्यक्त किया

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने आज नरसंहार दिवस पर शोक व्यक्त किया है। यह दिवस 25 मार्च 1971 के पीड़ितों की याद में मनाया जाता है। अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए श्री रहमान ने कहा कि स्वतंत्रता-प्रेमी बांग्लादेश के इतिहास में 25 मार्च 1971 सबसे शर्मनाक और क्रूर दिनों में से एक है। इस दिन पाकिस्तानी कब्ज़े वाली सेना ने ऑपरेशन सर्चलाइट के नाम पर बांग्लादेशियों का नरसंहार किया था। आगे उन्होंने कहा कि नरसंहार में ढाका विश्वविद्यालय, पिलखाना और राजारबाग पुलिस लाइन्स सहित विभिन्न स्थानों पर शिक्षकों, बुद्धिजीवियों और निर्दोष नागरिकों पर अंधाधुंध गोलियां चलाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो गई। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री ने 25 मार्च के नरसंहार को एक सुनियोजित नरसंहार बताया। श्री रहमान ने देशवासियों से अपील की कि वे शहीदों के प्रति गहरी श्रद्धांजलि अर्पित करें और बांग्लादेश की आजादी के लिए उनके बलिदान को सदैव याद रखें।