फ़रवरी 26, 2026 1:35 अपराह्न

printer

बांग्लादेश: एनसीपी ने राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन पर महाभियोग और गिरफ्तारी की मांग की

बांग्लादेश में नेशनल सिटिजन पार्टी-एनसीपी ने राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन पर महाभियोग चलाने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। पार्टी का आरोप है कि श्री शहाबुद्दीन ने 2024 में जुलाई में हुए दंगों के दौरान कोई कार्रवाई नहीं की। कल ढाका में पिलखाना हत्याकांड के पीड़ितों की कब्रों पर जाने के बाद पत्रकारों से बातचीत में एनसीपी संयोजक नाहिद इस्लाम ने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति ने 24 जुलाई की हत्याओं के दौरान राज्य के संरक्षक के रूप में अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई।

एनसीपी संयोजक ने कहा कि राष्ट्रपति इस सामूहिक हत्याकांड की जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। श्री नाहिद ने दावा किया कि अशांति के दौरान राष्ट्रपति की चुप्पी ने हिंसा को बढ़ावा दिया और उन्हें इसमें भागीदार बनाया। उन्होंने राष्ट्रपति के इस्तीफे की मांग करने वाले पहले के विरोध आंदोलनों का भी जिक्र किया और कहा कि उस समय के राजनीतिक मतभेदों के कारण जन दबाव के बावजूद आम सहमति नहीं बन पाई। एनसीपी नेता ने यह भी आरोप लगाया कि राष्ट्रपति ने अपनी शपथ का उल्लंघन किया है।

हमारे संवाददाता ने बताया है कि बांग्लादेश के संविधान के तहत, संसद के दो-तिहाई सदस्यों के समर्थन से राष्ट्रपति पर महाभियोग चलाया जा सकता है, हालांकि इससे पहले महाभियोग के माध्यम से किसी भी राष्ट्रपति को पद से नहीं हटाया गया है।