जनवरी 2, 2026 8:27 पूर्वाह्न

printer

बांग्लादेश: एक और अल्पसंख्यक पर जानलेवा हमला, पेट्रोल डालकर लगा दी आग

बांग्लादेश में, बुधवार रात को शरियतपुर जिले के दामुद्या उपज़िला में हमलावरों ने एक हिंदू व्यापारी पर चाकू से हमला किया और आग लगा दी। पीड़ित की पहचान 50 वर्षीय खोकन चंद्र दास के रूप में हुई है जो केउरभंगा बाजार में दवा की दुकान और मोबाइल बैंकिंग सेवा चलाते हैं। रात करीब साढ़े 9 बजे ऑटो रिक्शा से घर लौटते समय हमलावरों के एक गिरोह ने उन पर धारदार हथियारों से हमला किया और नकदी लूट ली।

 

इसके बाद हमलावरों ने उन पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। घायल खोकोन ने अपनी जान बचाने के लिए पास के एक तालाब में छलांग लगा दी। उनकी चीखें सुनकर स्थानीय लोग उन्हें शरियतपुर सदर अस्पताल ले गए।, जहां गंभीर चोटों के कारण उन्‍हें ढाका के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया। खोकोन दास की पत्नी सीमा दास ने स्थानीय मीडिया को बताया कि खोकोन ने कम से कम दो हमलावरों को पहचान लिया था, जिसके कारण हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की कोशिश की।

 

पुलिस ने बताया कि स्थानीय निवासी रब्बी और सोहाग नाम के दो संदिग्धों की पहचान हो चुकी है। यह घटना हाल के हफ्तों में अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों पर हुए हिंसक हमलों के बीच हुई है, जिनमें दीपू चंद्र दास और अमृत मंडल की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।