बलूचिस्तान के केच जिले में पाकिस्तानी सेना द्वारा एक ही परिवार के चार सदस्यों को गायब किए जाने के विरोध में कल कई बलूच परिवारों ने प्रदर्शन किया। मानवाधिकार संगठन बलूच यकजेहती कमेटी – बी.वाई.सी. के अनुसार प्रदर्शनकरियों ने अपने प्रियजनों की सुरक्षित वापसी की मांग की। बीवाईसी ने सोशल मीडिया पर कहा कि चारों लोगों की सुरक्षित वापसी होने तक विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा। बीवाईसी ने बलूच महिलाओं की बढ़ती गुमशुदगी का मुद्दा उजागर करने और जवाबदेही तय करने के उद्देश्य से 5 दिन का विशेष अभियान भी शुरू किया है।
बलूच महिला मंच ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में, पाकिस्तान ने बलूच महिलाओं के अपहरण को सामान्य मानने की मानसिकता विकसित की है। मंच ने बलूच महिलाओं के खिलाफ गंभीर अपराधों पर अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप की मांग भी की है।