मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

जुलाई 7, 2024 1:45 अपराह्न | narendra modi | ऑस्ट्रिया

printer

ऑस्ट्रियाई चांसलर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्रा से पहले उत्साह व्यक्त किया

ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नैमर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी वियना यात्रा विशेष सम्मान का विषय है और वे इसकी उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहे हैं। श्री मोदी दो देशों की यात्रा के दूसरे चरण में 9 जुलाई को मॉस्को से ऑस्ट्रिया पहुंचेंगे। पिछले 41 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की ये पहली ऑस्ट्रिया यात्रा होगी। श्री मोदी ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर वॉन डेर बेलेन से मुलाकात करेंगे और चांसलर नैमर के साथ वार्ता करेंगे। दोनों नेता भारत और ऑस्ट्रिया के उद्योग जगत के प्रमुखों को संबोधित भी करेंगे।

श्री मोदी वियना में भारतीय समुदाय से भी मिलेंगे। शुक्रवार को विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने कहा कि ऑस्ट्रिया मध्य यूरोप का महत्वपूर्ण देश है जिसके साथ बुनियादी ढांचे, नवीकरणीय ऊर्जा, उच्च प्रौद्योगिकी, स्टार्ट-अप, मीडिया और मनोरंजन के क्षेत्रों में सहयोग के अच्छे अवसर हैं। श्री क्वात्रा ने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश में वृद्धि हुई है और इस वर्ष फरवरी से भारत-ऑस्ट्रिया स्टार्ट-अप ब्रिज की शुरुआत भी एक उल्लेखनीय कदम है। भारत और ऑस्ट्रिया ने पिछले वर्ष मई में प्रवासन और आवाजाही समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।